युवा संसद में गूंजा ‘माय भारत, विकसित भारत’ का संकल्प, प्रतिभागियों ने लोकतंत्र पर रखे दमदार विचार
सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने युवाओं को संसद भवन भ्रमण का दिया आमंत्रण, विजेता लखनऊ विधानसभा में करेंगे प्रतिनिधित्व
बागपत, 27 फरवरी 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशन में माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 का आयोजन जनता वैदिक डिग्री कॉलेज में हुआ जहां बागपत के युवाओं ने “आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर अपने विचार रखे। हर प्रतिभागी को तीन मिनट का समय दिया गया, लेकिन उन तीन मिनटों में युवाओं ने जो आत्मविश्वास दिखाया, उसने सभी को प्रभावित कर दिया। किसी ने लोकतंत्र की ताकत पर बात की, किसी ने नागरिक कर्तव्यों पर जोर दिया, तो किसी ने कहा कि विकसित भारत का रास्ता जागरूक नागरिकों से होकर जाता है। जनपद के विभिन्न गांवों से आए छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को लोकतांत्रिक उत्सव का रूप दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने किया। उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तभी पूरा होगा जब युवा आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के विचारों को महत्व दे रही है और चाहती है कि देश का भविष्य युवाओं की सोच के साथ तय हो। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने कई चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन हर बार युवा शक्ति ने देश को आगे बढ़ाया है।
भारत सरकार के विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में प्रधानमंत्री के समक्ष टीम उत्तर प्रदेश की अगुवाई कर चुके ग्रुप कैप्टन अमन कुमार के कार्यों की प्रशंसा की एवं युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को एक बड़ी सौगात देते हुए संसद भवन आकर लोकतंत्र को करीब से समझने का आमंत्रण दिया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, तार्किकता, बोलने की शैली, आत्मविश्वास और प्रभाव के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल ने कहा कि इस बार युवाओं की तैयारी और सोच बेहद परिपक्व रही। प्रतियोगिता में प्रथम विजेता रहे इनाम उल हसन ने अपने भाषण में कहा कि आपातकाल ने भारतवर्ष को एक संपूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बनाए रखने के लिए दृढ़संकल्पित रहने की सीख दी। वहीं द्वितीय स्थान सुषमा, तृतीय स्थान सपना राणा, चतुर्थ स्थान शिवम दांगी और पंचम स्थान सपना ने हासिल किया। चयनित सभी विजेता अब राज्य स्तर पर लखनऊ विधानसभा में बागपत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान डिजिटल अभियान में अव्वल रहने पर पूजा, ताहिर चौधरी, गुलफ़्सा राजपूत, निखिल, विशाखा को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने कार्यक्रम के सोशल मीडिया प्रचार प्रसार में योगदान दिया।
राज्य युवा पुरस्कार विजेता अमन कुमार ने युवाओं को बागपत के विकास में योगदान देने के लिए मार्गदर्शन दिया एवं राष्ट्रीय मंच से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा युवाओं को नियमित अखबार पढ़ने एवं माय भारत प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक साथ “माय भारत, विकसित भारत” के नारे लगाए एवं विकसित भारत लक्ष्य प्राप्ति में योगदान का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. गीता रानी, डॉ. प्रतीत कुमार, डॉ. अशोक चौधरी और जिला युवा अधिकारी डॉ. योगेश कुमार, डॉ. इंदु, डॉ. अमित कुमार नागर, डॉ. अमृत गुप्ता एवं डॉ. सरिता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह और प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र प्रताप सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।